दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से ऑटो चालकों की मनमानी पर हुई शिकायत
दिल्ली में ऑटो चालकों की मनमानी से लोग परेशान हैं। इनकी मनमानी का आलम यह है कि राजधानी में अधिकांश ऑटो चालक मीटर से नहीं चलते हैं और मनमाना किराया वसूलते हैं । यह किस रूट की सवारी उठाना चाहते हैं यह भी इनकी मनमर्जी से तय होता है । अगर कोई सवारी इनका विरोध करती है तो करे,इन्हें सरकार प्रशासन कायदा कानून से कोई लेना देना नहीं है । अब इस मुद्दे पर सामाजिक कार्यकर्ता विजय शंकर चतुर्वेदी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक औपचारिक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने ऑटोरिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त और तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है जो मीटर का उपयोग करने से इनकार करते हैं और यात्रियों से अधिक किराया वसूलते हैं।

चतुर्वेदी ने अपने पत्र में इस मुद्दे को “गंभीर सार्वजनिक असुविधा” बताया है और कहा है कि लगभग ९०% ऑटोरिक्शा चालक मीटर का उपयोग नहीं करते हैं। इससे न केवल यात्रियों का आर्थिक शोषण होता है, बल्कि जब वे मीटर के अनुसार किराया देने की मांग करते हैं तो उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता है।
चतुर्वेदी ने लिखा है, “यह स्थिति न केवल दिल्ली की छवि को धूमिल करती है, बल्कि यह हमारे परिवहन प्रणाली और कानून के पालन पर भी सवाल उठाती है।” उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वे इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करें और सुनिश्चित करें कि ऑटोरिक्शा चालक मीटर के अनुसार किराया वसूलें।

