MCD स्वास्थ्य विभाग के इन अधिकारियों को जारी किया जाएगा- कारण बताओ नोटिस !
संदीप शर्मा-
दिल्ली मगर निगम की चिकित्सा सहायता एवं जन स्वास्थ्य समिति की बैठक में बड़ी संख्या मे अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर निगम पार्षदों ने नाराज़गी जताई । बतादें कि बुधवार को निगम मुख्यालय श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में हैल्थ कमेटी की आयोजित बैठक में अधिकारी फिर नदारद दिखाई दिए । गौरतलब है कि इससे पूर्व हाउस मीटिंग में अधिकारियों के न आने पर महापौर राजा इक़बाल सिंह ने निगमायुक्त संजीव ख़िरवाल को भरी सभा मे खरी खरी सुना दी थी। बावजूद इसके हेल्थ कमेटी की बैठक में भी सम्बंधित अधिकारियों के न पहुँचने पर यही कहा जा सकता है कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को बाबुशाही ज़्यादा गंभीरता से नहीं लेती हैं ।

इसपर सत्तापक्ष भाजपा के पीतमपुरा वार्ड निगम पार्षद अमित नागपाल ने बिना पूर्व सूचना के अधिकारियों के बैठक में न शामिल होने का मुद्दा उठाया । श्री नागपाल ने नाराजगी ज़ाहिर करते हुए इसे गैरजिम्मेदाराना रवैया करार दिया । उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए ।
इस बैठक में दिल्ली के विभिन्न रिहायशी इलाकों में धड़ल्ले से नियम कायदों को ताक पर रखकर चल रहे ओयो होटल का मुद्दा भी उठा ।
इस बैठक की अध्यक्षता कमेटी के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने की। अमित नागपाल ने बताया को कमेटी के कई सदस्यों ने शिकायत करते हुए कहा कि पूर्व की बैठकों में पार्षदों के प्रश्नों के संबंध में उन्हें कोई संतोषजनक एवं स्पष्ट उत्तर नहीं दिए जाते है ।
इन विषयों को समिति के सभी माननीय सदस्यों ने गंभीरता से उठाया और अधिकारियों की बैठक के प्रति उदासीनता पर गहरी चिंता व्यक्त की। सदस्यों ने कहा कि समिति की बैठकें जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच हैं, और अधिकारियों की अनुपस्थिति लोकतांत्रिक एवं प्रशासनिक उत्तरदायित्व के विपरीत है।
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया जाए।
पूर्व में लंबित प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समयसीमा में प्रस्तुत किए जाएं।
भविष्य में बिना अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने को अनुशासनहीनता माना जाए।
समिति ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

