शिक्षा समिति नेतृत्व से अखिल दिल्ली प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक
नई दिल्ली। अखिल दिल्ली प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में नव निर्वाचित शिक्षा समिति अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा और उपाध्यक्ष श्री अमित खड़खड़ी से मिला। संघ के पदाधिकारियों ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं और छात्रों व शिक्षकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें उनके समक्ष रखीं।

संघ ने सत्र 2024-25 से रुके हुए वार्षिक विद्यालय रखरखाव निधि (Annual School Maintenance Fund) को तत्काल जारी करने और इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने की मांग की। इसके साथ ही मेधावी छात्रों की छात्रवृत्ति 4000 रुपये करने, RTE और NEP के अनुसार PTR (Pupil Teacher Ratio) तय करने, शिक्षक संगठनों को मान्यता देने और क्षेत्रीय स्तर पर शिक्षकों की EL, MACP, Probation आदि से संबंधित कार्यों में हो रही देरी को दूर करने की बात भी रखी।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संघ के पदाधिकारियों ने इन सभी मुद्दों को स्थायी समिति की अध्यक्षा श्रीमती सत्या शर्मा के समक्ष भी रखा। उन्होंने तुरंत एडिशनल कमिश्नर को फोन कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इसकी 50% राशि जारी कर दी जाएगी।
तीनों नेताओं ने संघ के माध्यम से शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालयों में छात्रों के दाखिले बढ़ाने में सहयोग करें। साथ ही शिक्षकों की सभी मांगों को लेकर सकारात्मक परिणाम लाने का भरोसा भी दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पदाधिकारी:
- सी.बी. सिंह सेहरावत – वरिष्ठ उपाध्यक्ष
- देवेंद्र नैन – वरिष्ठ उपाध्यक्ष
- विक्रम सिंह – कोषाध्यक्ष
अखिल दिल्ली प्राथमिक शिक्षक संघ का कहना है कि वह निरंतर छात्रों और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

