दक्षिण दिल्ली पत्रकार संघ की पहली बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली पत्रकार संघ की पहल अब रंग लाने लगी है। इसी क्रम में संघ की पहली बैठक वसंत कुंज के किशनगढ़ में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें दक्षिण दिल्ली के कई पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संगठन को भरपूर समर्थन दिया।

ज्ञात हो कि पूर्व में भी कई बार इस संगठन को गठित करने की कोशिशें हुईं, लेकिन एकता और समर्पण की कमी के कारण पत्रकार समुदाय एक मंच पर एकत्र नहीं हो सका। फिर भी, इस मिशन से जुड़े पत्रकारों ने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर प्रयासरत रहे। इस वर्ष एक बार फिर नए उत्साह के साथ समूह का गठन किया गया और सभी पत्रकार साथियों को एकजुट किया गया।

इस प्रयास की सबसे खास बात यह रही कि इस बार सोच स्पष्ट थी, मंशा साफ थी और विचारधारा पर सभी का समर्थन भी मिला। सभी पत्रकार साथियों ने एक स्वर में संगठन के उद्देश्य को सराहा और पूरे मन से सहयोग व समर्थन दिया।

बैठक के दौरान संगठन की सोच और उद्देश्य को साझा किया गया। साथ ही पत्रकारों की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों पर गंभीरता से चर्चा की गई। यह स्पष्ट किया गया कि संगठन पत्रकारों के मान-सम्मान, अधिकारों और परिवारजनित सुख-दुख में एक मजबूत साथी के रूप में कार्य करेगा। पत्रकारों की आवाज को बुलंद करने और उनके हितों की रक्षा के लिए यह संघ हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहेगा।

बैठक में विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई और सभी ने अपने-अपने विचार खुले दिल से साझा किए। बैठक में भाग लेने वालों के साथ-साथ जो पत्रकार किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके, उन्होंने भी ग्रुप के माध्यम से अपना समर्थन जताया और इस पहल में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

बैठक में यह भी तय किया गया कि अगली बैठक में संगठन की संरचना पर विचार किया जाएगा और तीसरी बैठक में कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

बैठक में शामिल पत्रकार साथियों में शामिल रहे:
राजनारायण मिश्रा, अजीत कुमार, दीप सिलोड़ी, कुंदन सिंह, स्वतंत्र सिंह, भुल्लर, मोमना बेगम, वीणा, महेंद्र कुमार, दीपक कुमार, मनोज सिंह।

वहीं ग्रुप के माध्यम से समर्थन देने वालों में शामिल हैं:
बंसी लाल, दीपक खम्बरा, सागर मलिक, मुकेश सिंह, रमेश भाई, आशुतोष कुमार, सुनील परिहार, अमरदीप, राकेश सोनी, हुंकार मीडिया, वाशिम फिरोज, शहनवाज खान, वीपी शर्मा।

फिलहाल संघ में 36 पत्रकार साथी जुड़े हैं और पहली बैठक में 15 से अधिक पत्रकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संगठन को उम्मीद है कि अगली बैठकों में सभी साथी पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *