गहन स्वच्छता एवं प्रदूषण रोधी अभियान के तहत एमसीडी द्वारा दिल्ली के सभी 12 ज़ोन में प्रमुख रिंग रोड मार्गों पर चलाया गया विशेष सफाई अभियान

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा अपने विशेष दैनिक दो घंटे के गहन सफाई अभियान के अंतर्गत आज दिल्ली के सभी 12 ज़ोन में प्रमुख रिंग रोड मार्गों एवं उनसे सटी सर्विस रोड पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक संबंधित ज़ोन के उपायुक्तों की प्रत्यक्ष निगरानी में संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित करना, सड़कों को धूलमुक्त बनाना तथा सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करना है।

इस विशेष अभियान के तहत प्रमुख सड़कों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज, सड़क किनारों, चौराहों, सर्विस रोड तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई की जा रही है। यह अभियान नियमित दैनिक सफाई कार्यों से अतिरिक्त एक विशेष क्षेत्रीय स्तर का अभियान है। अभियान के दौरान एमसीडी डेम्स चैयरमेन ने कृष्णा नगर मैट्रो स्टेशन के पास सड़क पर सफाई स्थल का दौरा किया तथा चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए तैनात कर्मचारियों की समीक्षा की।

एमसीडी द्वारा यह विशेष अभियान छह दिवसीय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक केंद्रों, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों, रिंग रोड एवं आउटर रिंग रोड के प्रमुख हिस्सों, संस्थागत क्षेत्रों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक एवं आवासीय क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

संबंधित ज़ोन के उपायुक्त व्यक्तिगत रूप से अभियान का नेतृत्व एवं निगरानी कर रहे हैं, ताकि सफाई कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *