दिल्ली MCD मुख्यालय को फिर मिली बम धमकी, 15 अगस्त और लाल किले का भी ईमेल में जिक्र; पुलिस जांच में जुटी
नई दिल्ली, 3 अगस्त।दिल्ली नगर निगम (MCD) मुख्यालय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर को सोमवार एक बार फिर धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में नगर निगम कार्यालय, मेयर कार्यालय, दिल्ली के स्कूलों तथा 15 अगस्त के अवसर पर लाल किले का उल्लेख करते हुए धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

सूत्रों के अनुसार यह ईमेल सोमवार सुबह करीब 9 बजे निगम के आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ। ईमेल में स्वयं को “खालिस्तान नेशनल आर्मी (KNA)” से जुड़ा बताते हुए कई धमकीपूर्ण दावे किए गए हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक किसी भी एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।

ईमेल प्राप्त होने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वॉड तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। सिविक सेंटर परिसर की गहन तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली नगर निगम मुख्यालय को इस प्रकार की धमकी मिली हो। इससे पहले भी इसी वर्ष 1 अप्रैल और 5 जून को महापौर कार्यालय के आधिकारिक ईमेल पर बम धमकी वाले संदेश भेजे गए थे। दोनों मामलों में सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी।
लगातार तीसरी बार इस तरह का धमकी भरा ईमेल मिलना सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती के रूप में देखा जा सकता है । इस तरह की धमकियों को मज़ाक में लेकर हवा में नही उड़ाया जा सकता यही वजह है कि बड़ी संख्या में सुरक्षा बल निगम मुख्यालय की गहन तलाशी ले रहे है

