छोरी 2 में कुलदीप सरीन की दमदार खलनायकी, हॉरर-सस्पेंस में समाजिक बुराइयों को दिखाने वाली फ़िल्म का जबरदस्त कमबैक”
संदीप शर्मा
अमेज़न प्राइम पर ‘छोरी-2’ रिलीज़: कुलदीप सरीन की दमदार खलनायकी बनी फिल्म की जान

अमेज़न प्राइम वीडियो पर 11 अप्रैल 2025 को रिलीज़ हुई बहुप्रतीक्षित फिल्म *छोरी-2* दर्शकों को एक बार फिर हॉरर और सस्पेंस की उस रहस्यमयी दुनिया में ले जाती है, जहां सामाजिक कुरीतियाँ डर और मनोरंजन के साथ सामने आती हैं। फ़िल्म के पहले भाग *छोरी (2021)* को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था, और अब इसका सीक्वल और भी ज्यादा गहराई और रहस्य के साथ सामने आया है।

लेकिन इस बार दर्शकों की नजरें जिस एक चेहरे पर ठहरती हैं, वह हैं—*कुलदीप सरीन। एक सधे हुए अभिनेता, जिनकी अभिनय क्षमता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़े रहे हैं। बेशक कुलदीप सरीन शाहरुख खान के साथ डॉन तापसी पन्नू के साथ सांड जैसी कई फिल्मों में बड़े चेहरों के साथ काम कर चुके हैं लेकिन पॉपुलर टीवी शो *क्राइम पेट्रोल* में इंस्पेक्टर की भूमिका को लोग आज भी याद करते हैं ।इस बार सोहा अली खान के साथ कुलदीप सरीन ‘छोरी-2’ में मुख्य खलनायक की भूमिका में नज़र आ रहे हैं । इंस्पेक्टर की दमदार भूमिका निभाने वाले कुलदीप सरीन खलनायक के किरदार में भी दर्शकों के दिलो दिमाग पर अपनी गहरी छाप छोड़ते दिखाई दे रहे हैं ।

उनकी एक्टिंग इतनी गहराई और असर लिए हुए है कि दर्शक स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाते। हर सीन में उनकी उपस्थिति खौफ के साथ-साथ एक अलग करिश्मा पैदा करती है।
फिल्म की कहानी और निर्माण
‘छोरी-2’ का निर्देशन किया है विशाल फुरिया ने, जबकि इसके निर्माता हैं भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, विक्रम मल्होत्रा और जैक डेविस। फ़िल्म की मुख्य भूमिका में एक बार फिर नुसरत भरुचा हैं, जो एक सामाजिक संदेश के साथ डर और दर्द को जीती नजर आती हैं। उनके साथ इस बार स्क्रीन पर नजर आते हैं सोहा अली खान, गश्मीर महाजनी और सौरभ गोयल।

फिल्म का निर्माण जितना भव्य है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी रहा है। एक हॉरर फिल्म में समाजिक बुराइयों को प्रभावशाली तरीके से दिखाना आसान नहीं होता, लेकिन छोरी-2ने इस संतुलन को बखूबी साधा है।
अगर आपने अब तक छोरी-2 नहीं देखी है, तो अमेज़न प्राइम पर यह फिल्म आपके इंतज़ार में है। खासतौर पर कुलदीप सरीन की दमदार अदाकारी को देखना एक ऐसा अनुभव है, जिसे आप मिस नहीं करना चाहेंगे।

