प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर सिविक सेंटर में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित
नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर में शिक्षा समिति की ओर से निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महापौर श्री प्रवेश वाही की अध्यक्षता में तथा दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा, एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
मेडिकल कैंप का आयोजन रोटरी क्लब के सहयोग से किया गया, जिसमें निगम कर्मचारियों, सर्विस स्टाफ सहित उपस्थित लोगों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। कैंप में आंखों की जांच, दांतों की जांच, मैमोग्राफी, ब्लड टेस्ट एवं शुगर टेस्ट सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।

इस अवसर पर रोटरी क्लब के श्री नरेंद्र मित्तल, श्री सुदीर मंगला, श्री सुनील गर्ग, श्री विवेक जैन, श्री सुशील गुप्ता, श्री डी.पी. सिंघल, श्री नरेश गुप्ता, श्री राजेश जैन एवं श्री संजय गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा, एडवोकेट ने कहा कि
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए समाजहित और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग स्वास्थ्य जांच कराने में संकोच या डर महसूस करते हैं, लेकिन ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों को अपनी नियमित जांच के लिए प्रेरित करते हैं। समय रहते किसी बीमारी का पता चल जाए तो उसका उपचार भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के नेता सदन श्री जय भगवान यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने कहा कि समाज की विभिन्न संस्थाएं जब मिलकर जनहित के कार्य करती हैं, तो उसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलता है और समाज में सेवा, सहयोग एवं सकारात्मकता का वातावरण भी निर्मित होता है।
श्री योगेश वर्मा ने मेडिकल कैंप के सफल आयोजन के लिए रोटरी क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रोटरी क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर जनसेवा और स्वास्थ्य सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
कार्यक्रम में निगम के अधिकारी, कर्मचारी, रोटरी क्लब के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

