पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास का वार्षिक मैराथन आयोजन 25 अक्टूबर को सतना में: डॉ. राकेश मिश्र

सतना। सतना हाफ मैराथन के सप्तम संस्करण को सफल और भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 25 अक्टूबर, रविवार को पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की मैराथन की व्यवस्थाओं को लेकर रविवार को सेवा न्यास कार्यालय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता डॉ. राकेश मिश्र जी ने की। बैठक में आयोजन की तैयारियों, प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पंजीयन तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मैराथन के संयोजक श्री रविशंकर द्विवेदी ने विभिन्न विभागों से जुड़े दायित्वों की समीक्षा करते हुए कहा कि आयोजन को अधिक से अधिक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीयन को गति देने के लिए आने वाले दिनों में गांव-गांव जाकर लोगों और खिलाड़ियों को मैराथन से जोड़ा जाएगा।

गॉव गॉव दो प्रचार रथ दे रहे मैराथन का संदेश:

मैराथन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए दो प्रचार रथ शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी भ्रमण कर रहे हैं। गीत-संगीत और प्रचार संदेशों के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में भाग लेने की अपील की जा रही है। आयोजन समिति का प्रयास है कि इस बार सतना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी इसमें शामिल हों।

अंतरराष्ट्रीय मानकों की टाइमिंग बनेगी आकर्षण:

सतना हाफ मैराथन की प्रमुख विशेषता इसकी आधुनिक टाइमिंग व्यवस्था होगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बिब आधारित इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम से खिलाड़ियों का समय दर्ज किया जाएगा, जिससे परिणाम सेकंड के सौवें भाग तक सटीक उपलब्ध कराया जा सकेगा। आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों को टी-शर्ट, एनर्जी ड्रिंक सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र के साथ चार लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी को समर्पित आयोजन:

इस वर्ष की सतना हाफ मैराथन श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी को समर्पित किया गया है। आयोजन की विशेष पहल के रूप में सभी महिला प्रतिभागियों के लिए पंजीयन निःशुल्क रखा गया है। इसके माध्यम से महिलाओं और युवतियों को खेल, स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है।

मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर युवा दौड़ और 5 किलोमीटर अमृत दौड़ आयोजित होगी। विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 के खेल मैदान से प्रारंभ होकर वहीं समाप्त होगी।

आयोजन समिति ने खेलप्रेमियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर 25 अक्टूबर को होने वाली सतना हाफ मैराथन को सफल बनाएं और स्वस्थ एवं फिट सतना का संदेश देशभर में पहुंचाएं।

पंजीयन एवं जानकारी : nyas.gpmsevanyas.org
इनकी रही उपस्थिति:
बैठक में श्री राजीव व्यास, श्री अजय मिश्रा, के. डी. गौतम, बालकृष्ण शुक्ला बेटा भैया, कमलेश्वर अग्रवाल जी, डॉ. चंदा शर्मा, डॉ. महेंद्र सिंह, श्री राजेश त्रिपाठी नीलू ,विजय पटेल, श्रीमती शीलम सैनी, डॉ. श्रीमती रश्मि सैनी, श्री बिमल नामदेव, अनिल सैनी, शोभराज मिश्रा, अरूण पयासी, बलराम गुप्ता, हर्षिता मिश्रा, मंजू सिंह, सहित आयोजन से जुड़े अनेक पदाधिकारी, खेलप्रेमी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *