दिल्ली भाजपा के सात नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारियां, हर्ष मल्होत्रा ने दी बधाई

संदीप शर्मा

नई दिल्ली, 23 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में दिल्ली के सात वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे दिल्ली भाजपा के लिए गौरव का विषय बताया है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी मिलना उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और कार्यक्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे प्रदेश से सात नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व मिलना दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए हर्ष का विषय है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व दिल्ली के कार्यकर्ताओं और नेताओं की संगठनात्मक क्षमता पर भरोसा जता रहा है। उन्होंने सभी नवनियुक्त नेताओं से अपेक्षा जताई कि वे अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के माध्यम से संबंधित राज्यों में पार्टी संगठन को और मजबूत करने में योगदान देंगे।

दिल्ली से इन सात नेताओं को मिली जिम्मेदारी

1.जय प्रकाश जेपी — अंडमान एवं निकोबार के प्रभारी बनाया गया है । अभी हाल ही में उन्हें भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय मंत्री भी नियुक्त किया गया है । जेपी उत्तरी दिल्ली के महापौर भी रह चुके हैं ।

2. राजकुमार भाटिया -आदर्श नगर विधानसभा से विधायक राजकुमार भाटिया को लद्दाख का प्रभारी बनाया गया है ।

3.अजय महावर -घोंडा विधानसभा से विधायक अजय महावर  गुजरात के सह-प्रभारी बने हैं ।

4.  कमलजीत सहरावत– पश्चिम दिल्ली से लोकसभा सांसद कमलजीत सहरावत को महाराष्ट्र की सह-प्रभारी का दायित्व दिया गया है

5.वीरेन्द्र सचदेवा– भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश की पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को पंजाब के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है । दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में ही दिल्ली विधानसभा में पार्टी ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की ।

6.कुलजीत चहल को राजस्थान के सह-प्रभारी बनाया गया है । चहल एनडीएमसी में वाइस चेयरमैन है

7.बांसुरी स्वराज-ई दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज को उत्तराखंड की सह-प्रभारी का दायित्व दिया गया है ।

हर्ष मल्होत्रा ने सभी सात नेताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *