“संस्कृति जब सीमाएँ पार करती है, तब राष्ट्र का सम्मान बढ़ता है” : केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल
प्रवासी भारतीय अब मातृभूमि को लौटाएं अपना ज्ञान, अनुभव और योगदान; ‘India Beyond Borders’ में केंद्रीय मंत्री का आह्वान
LIPI Europe के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में ‘मन जन गण मन गाएगा’ का लोकार्पण, 14 वर्षीय समृद्धि जैन की पुस्तक का विमोचन
नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में LIPI Europe (Literary Intellectuals and Poets of Indian Origin, Europe) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन “India Beyond Borders – A Patriotic Tribute by Global Indian Diaspora to Bharat” में भारतीय संस्कृति, साहित्य और वैश्विक भारतीय समुदाय की भावनात्मक एकता का भव्य उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा, “संस्कृति जब सीमाएँ पार करती है, तब राष्ट्र का सम्मान बढ़ता है। भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी सनातन संस्कृति, सभ्यता और जीवन मूल्य हैं। इन्हें विश्वभर में प्रतिष्ठित करने में प्रवासी भारतीयों की महत्वपूर्ण भूमिका है।”

उन्होंने विश्वभर में बसे भारतीयों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “आपने विदेशों में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से भारत का गौरव बढ़ाया है। अब समय आ गया है कि अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का एक हिस्सा मातृभूमि को भी लौटाएँ। देश ने आपको बहुत कुछ दिया है, अब आपकी भी बारी है कि राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन भारत की सॉफ्ट पावर को सशक्त बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

कानपुर लोकसभा सांसद श्री रमेश अवस्थी ने कहा, “भारत से हजारों किलोमीटर दूर रहकर भी भारतीयता को जीवित रखना और उसे नई पीढ़ी तक पहुँचाना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। जो लोग विश्व मंच पर भारत की संस्कृति, भाषा और सम्मान को नई पहचान दिलाते हैं, वे हम सभी के लिए प्रेरणा बन जाते हैं। हमें ऐसे प्रयासों पर गर्व है।”
पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा ने कहा, “जब हम विदेश जाते हैं, तब कोई हमसे हमारी जाति या धर्म नहीं पूछता। दुनिया हमें केवल भारतीय के रूप में पहचानती है। हमारी संस्कृति ही वह शक्ति है, जो हम सबको एक सूत्र में बाँधती है और भारत की पहचान को विश्वभर में स्थापित करती है।”
LIPI Europe की अध्यक्ष, जर्मनी निवासी वैज्ञानिक, साहित्यकार एवं सांस्कृतिक क्यूरेटर डॉ. योजना साह जैन ने कहा, “हम भारत से बाहर अवश्य रहते हैं, लेकिन हमारा दिल हमेशा भारत के लिए धड़कता है। ‘India Beyond Borders’ विश्वभर में बसे भारतीयों की मातृभूमि के प्रति अटूट भावनाओं और सांस्कृतिक जुड़ाव का उत्सव है। हमारा उद्देश्य साहित्य, संगीत और संस्कृति के माध्यम से भारत को विश्व से जोड़ना है।”
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डॉ. योजना साह जैन द्वारा लिखित, संगीतबद्ध, निर्देशित एवं निर्मित देशभक्ति गीत “मन जन गण मन गाएगा” के आधिकारिक संगीत वीडियो का लोकार्पण रहा। इस गीत का लोकार्पण केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, सांसद रमेश अवस्थी, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR), विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के वरिष्ठ निदेशक श्री सुनील कुमार सिंह तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
अतिथियों ने डॉ. योजना साह जैन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विदेश में रहकर भी भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और वैश्विक भारतीय समुदाय को एक सूत्र में जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। “मन जन गण मन गाएगा” केवल एक गीत नहीं, बल्कि विश्वभर में बसे भारतीयों की मातृभूमि के प्रति भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है।
इस अवसर पर बर्लिन निवासी 14 वर्षीय युवा लेखिका समृद्धि जैन की प्रथम अंग्रेज़ी पुस्तक “The Colors Behind the Rainbow” का भी विमोचन किया गया। अतिथियों ने इतनी कम आयु में उनकी साहित्यिक प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि समृद्धि जैसी युवा प्रतिभाएँ भारत की नई पीढ़ी की सृजनात्मक शक्ति का प्रतीक हैं और भारतीय साहित्य को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
कार्यक्रम में मारवाह स्टूडियोज़ के संस्थापक डॉ. संदीप मारवाह, ICCR के वरिष्ठ निदेशक श्री सुनील कुमार सिंह, देश-विदेश के साहित्यकार, कलाकार, शिक्षाविद्, राजनयिक, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. ओ.पी. यादव ने किया, जबकि डॉ. ओ.पी. यादव एवं शीना खंडेलवाल ने प्रभावी मंच संचालन किया। समारोह के दौरान मीडिया, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक सरोकार तथा भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक विशिष्ट व्यक्तित्वों को “LIPI Europe Awards 2026” से सम्मानित किया गया। इनमें डीडी न्यूज़ की वरिष्ठ एंकर शहला निगार तथा मीडिया एवं साउथ एशिया मीडिया डिप्लोमेसी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. ओ.पी. यादव भी शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा राष्ट्रप्रेम, भारतीय सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक भारतीय समुदाय की एकजुटता के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने इसे भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल बताया।

