संगीत जगत के महान स्तंभ पंडित राजन मिश्रा जी को भावपूर्ण संगीतमय श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के अप्रतिम गायक एवं पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय पंडित राजन मिश्रा जी की स्मृति में दिल्ली के प्रतिष्ठित स्टीन ऑडिटोरियम, इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड में आयोजित संगीतमय संध्या “श्रद्धांजलि” अत्यंत गरिमामय और भावविभोर वातावरण में सम्पन्न हुई।

इस विशेष अवसर पर देश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से स्व. पंडित राजन मिश्रा जी को सुरों की भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। बनारस घराने की समृद्ध परंपरा और उनकी विशिष्ट गायकी की छाप पूरे आयोजन में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

कार्यक्रम में पंडित भोला नाथ मिश्रा ने अपनी सशक्त एवं भावप्रधान गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्री अदनान खान के मनमोहक सितार वादन, श्री जूहेब अहमद खान एवं श्री जय शंकर मिश्रा की तबला संगत, पंडित भारत भूषण गोस्वामी की सारंगी तथा श्री जाकिर धोलपुरी के हारमोनियम वादन ने संगीतमय वातावरण को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया। सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री राधिका मिश्रा ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि आयोजन का सफल संयोजन रितभवी प्रोडक्शन्स द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पंडित राजन मिश्रा जी के सुपुत्र पंडित रितेश मिश्रा ने सभी उपस्थित कलाकारों एवं संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संध्या उनके पिता की स्मृतियों को जीवंत करने का एक विनम्र प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियां भी शास्त्रीय संगीत की महान परंपरा से प्रेरणा ले सकेंगी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पद्म भूषण पंडित साजन मिश्रा जी (स्व. पंडित राजन मिश्रा जी के छोटे भाई) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने इस अवसर पर सभी कलाकारों को आशीर्वाद प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
इस संगीतमय संध्या में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों, कला रसिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम का आनंद लिया और महान कलाकार को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
