दिल्ली में जलभराव से स्थायी राहत के लिए 60 फीट से चौड़ी सड़कों को फिर एमसीडी को सौंपने की मांग तेज
नई दिल्ली: दिल्ली में लगातार बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पीतमपुरा वार्ड 57 से भाजपा निगम पार्षद डॉ. नागपाल ने उपराज्यपाल से पत्र लिखकर आग्रह किया है कि 60 फीट से चौड़ी सड़कों को फिर से नगर निगम (एमसीडी) के हवाले कर दिया जाए। बतादें कि यह मांग पहले भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दिल्ली नगर निगम की सदन बैठक में उठाई जा चुकी है।


डॉ. नागपाल ने चार प्रमुख सुझाव दिए हैं, जिनमें सड़कों और नालियों के अधिकार क्षेत्र की समीक्षा, 60 फीट से चौड़ी सड़कों की एमसीडी को पुनः सौंपना (यदि पीडब्ल्यूडी इन सड़कों को प्रभावी ढंग से नहीं संभाल पा रहा है), दोनों एजेंसियों के बीच स्पष्ट समन्वय व्यवस्था स्थापित करना, और बजट का न्यायसंगत पुनर्वितरण शामिल है।

उन्होंने कहा कि इन सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाए तो न केवल जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है, बल्कि दिल्ली में नगरीय सेवाओं की गुणवत्ता और सार्वजनिक धन के बेहतर उपयोग को भी सुनिश्चित किया जा सकता है।
डॉ. नागपाल ने यह पत्र उपराज्यपाल के साथ-साथ भारत सरकार और दिल्ली सरकार के कई उच्चाधिकारियों को भी भेजा है, जिनमें आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय, दिल्ली सरकार के शहरी विकास विभाग, एमसीडी के महापौर और इंजीनियर-इन-चीफ सहित कई अधिकारी शामिल हैं।

