दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस की इस बिल्डिंग में  भारत माता की जय,वंदे मातरम का नारा लगाने पर मचा बवाल !

नई दिल्ली स्थित कनॉट प्लेस की जीवन भारती बिल्डिंग में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर जब अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए, तो  एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया है, जिसे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है ।

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की इस प्रतिष्ठित इमारत में सुरक्षा का दायित्व संभाल रही देश की एक नामी सिक्योरिटी एजेंसी की अधिकारी, अपने साथ बाउंसरों के साथ मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार  किया। उन्होंने कर्मचारियों को धमकाते हुए पूछा – “भारत माता की जय किसने बोला?” उन्होंने यह भी कहा कि यह एक वर्कप्लेस है और इस तरह के नारे लगाने की अनुमति नहीं है।

इस बात पर कर्मचारी चकित रह गए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे राष्ट्रीय नारों से किसी को क्या आपत्ति हो सकती है? लेकिन सुरक्षा अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को सख्त लहजे में धमकाया और “सबक सिखाने” की चेतावनी देकर वहाँ से चली गईं।

यह पूरा घटनाक्रम कर्मचारियों को आहत और स्तब्ध कर गया। यह घटना न केवल देश की राजधानी दिल्ली में हुई, बल्कि दिल्ली के दिल — कनॉट प्लेस — में स्थित प्रतिष्ठित सरकारी भवन में घटी। कर्मचारियों ने इस प्रतिबंध को अत्यंत दुखद और राष्ट्रविरोधी मानसिकता का उदाहरण बताया।

इन कर्मचारियों का संबद्ध संगठन, **भारतीय मजदूर संघ (BMS)** ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इसका विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने कंपनी मालिक, एलआईसी के उच्च अधिकारियों, भारत सरकार के प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री को पत्र लिखकर इस पूरे प्रकरण की जानकारी दी है और मांग की है कि संबंधित सुरक्षा अधिकारी एवं एजेंसी पर तुरंत कार्रवाई की जाए

भारतीय मजदूर संघ  ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भारतीय जीवन बीमा निगम और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *