2036 ओलंपिक को ध्यान में रखकर तैयार हो रही नई प्रतिभाएं : डॉ. राकेश मिश्र
नई दिल्ली। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) द्वारा आयोजित प्रो बॉक्सिंग लीग (PBL) का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ सोमवार सायंकाल नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में हुआ। खेल, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय परंपरा के अद्भुत समन्वय से सजे इस समारोह ने हजारों दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पूरे स्टेडियम में ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना का अनूठा वातावरण देखने को मिला।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ: डॉ. राकेश मिश्र
कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री ब्रजेंद्र गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ सांसद श्री जगदंबिका पाल, बिहार विधान परिषद सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रभारी श्री संजय मयूख, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी जी, मॉडल टाउन (दिल्ली) के विधायक श्री अशोक गोयल देवराहा, वरिष्ठ संगीतकार पंडित सोमेश कुमार माथुर (मुंबई), दिल्ली के पूर्व महापौर श्री जयप्रकाश (जेपी), सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता श्री आर.एस. गोस्वामी, अंतरराष्ट्रीय रामलीला समिति के अध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश टंडन, गुलशन वीरमानी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

प्रो बॉक्सिंग लीग की चारों फ्रेंचाइज़ी टीमों पंजाब फ़ाइटर्स, मध्य महायोद्धा, आंध्रा वारियर्स एवं ईस्टर्न टाइगर के प्रतिनिधियों ने भी दीप प्रज्ज्वलन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मध्य महायोद्धा के प्रमुख श्री तरुण अग्रवाल तथा पंजाब फाइटर्स के स्वामी एवं उद्योगपति डॉ. विकास गर्ग जी ने अतिथियों का स्वागत किया।
मार्च-पास्ट और ‘मुक्का मार’ थीम सॉन्ग ने बांधा समां: पं. सोमेश कुमार माथुर
समारोह की शुरुआत खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च-पास्ट से हुई। इसके बाद सभी खिलाड़ियों ने ‘मुक्का मार’ थीम सॉन्ग पर सामूहिक प्रस्तुति देकर पूरे स्टेडियम को रोमांच और उत्साह से भर दिया। खिलाड़ियों के अनुशासन और आत्मविश्वास ने उपस्थित दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
हनुमान चालीसा से हुआ आध्यात्मिक शुभारंभ: डॉ. वेद प्रकाश टंडन
कार्यक्रम का आध्यात्मिक शुभारंभ कमल मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ से हुआ। इस प्रस्तुति का निर्देशन डॉ. श्रीमती वंदना टंडन ने किया। आध्यात्मिक वातावरण ने उद्घाटन समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
चारों टीमों के खिलाड़ियों और रेफरी-जजों ने ली शपथ: राकेश भारद्वाज
उद्घाटन समारोह में चारों फ्रेंचाइज़ी टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ ली। वहीं रिंग कमेटी के चेयरमैन श्री राकेश भारद्वाज ने सभी रेफरी एवं जजों को निष्पक्षता तथा अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप मुकाबलों का संचालन करने की शपथ दिलाई।
2036 ओलंपिक को ध्यान में रखकर तैयार हो रही नई प्रतिभाएं : डॉ. राकेश मिश्र
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि देश में बॉक्सिंग को क्रिकेट की तरह लोकप्रिय बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह उनकी प्रतिभा, प्रदर्शन और तकनीकी क्षमता के आधार पर किया गया है।
उन्होंने कहा कि 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए अभी से खिलाड़ियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण, प्रतियोगी अवसर और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी कराई जा रही है।
डॉ. मिश्र ने कहा, “हम केवल खिलाड़ियों का चयन नहीं कर रहे, बल्कि उनके भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। चयन और संरक्षण दोनों के संतुलन के साथ ऐसी प्रतिभाओं को तैयार किया जा रहा है जो आने वाले वर्षों में भारत के लिए विश्व स्तर पर पदक जीतेंगी।”
डॉ. राकेश मिश्र के प्रयासों से एक साल में पच्चीस हजार बॉक्सरों को मिला मौक़ा अद्भुत व अकल्पनीय : जगदंबिका पाल। सांसद
वरिष्ठ सांसद श्री जगदंबिका पाल ने डॉ. राकेश मिश्र के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय बॉक्सिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए उनका समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह लीग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “खेलो इंडिया” अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा भविष्य में भारतीय मुक्केबाज अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाएंगे।
भारतीय बॉक्सिंग के लिए नया मॉडल शुरू करने का काम किया है डॉ. राकेश मिश्र की टीम ने : ब्रजेंद्र गुप्ता स्पीकर
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री ब्रजेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि जब इस प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण दूरदर्शन स्पोर्ट्स, JioHotstar तथा अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर होगा, तब देशभर के लोग बॉक्सिंग की तकनीक और रोमांच से जुड़ सकेंगे तथा इस खेल की लोकप्रियता और बढ़ेगी।
तकनीकी जानकारी और खिलाड़ियों का सम्मान: संजीव कुमार उपाध्यक्ष
आईएबीएफ के महासचिव श्री राकेश ठाकरान ने प्रतियोगिता की तकनीकी व्यवस्थाओं, मुकाबलों के प्रारूप एवं नियमों की जानकारी दी तथा तकनीकी अधिकारियों का परिचय कराया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों तथा देशभर से आए आईएबीएफ के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। फेडरेशन ने सभी पदाधिकारियों से भविष्य में भारतीय बॉक्सिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
टीम मालिक नहीं, भारतीय बॉक्सिंग के संरक्षक हैं हमारे सहयोगी: डॉ. राकेश मिश्र
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग की फ्रेंचाइज़ियों के स्वामी केवल टीम मालिक नहीं, बल्कि भारतीय बॉक्सिंग के संरक्षक हैं। उनके सहयोग और संरक्षण से भारतीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग की दिशा और दशा में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
10 जुलाई तक रोज़ होंगे रोमांचक मुकाबले: शशिकांत जी
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति की ओर से श्री शशिकांत ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दिल्ली-एनसीआर के खेल प्रेमियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता देखने का आग्रह किया।यह आयोजन इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा स्वीकृत है जो शास्वत भारत इनफो कंपनी द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
प्रो बॉक्सिंग लीग का आयोजन 10 जुलाई तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जाएगा। प्रतियोगिता की सभी व्यवस्थाएं BookMyShow द्वारा की गई हैं तथा मुकाबलों का सीधा प्रसारण दूरदर्शन स्पोर्ट्स, JioHotstar एवं अन्य OTT प्लेटफॉर्मों पर किया जा रहा है।
मंगलवार से शुरू होंगे लीग मुकाबले
सोमवार के सफल उद्घाटन समारोह के बाद मंगलवार के मुकाबलों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन एवं अन्य सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन दिल्ली के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि युवा पीढ़ी बॉक्सिंग जैसे अनुशासित और प्रेरणादायी खेल से जुड़ सके।
अंत में आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने देशभर के खेल प्रेमियों से अपील की कि वे तालकटोरा इंडोर स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और भारतीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग के इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें।

