एनडीएमसी के 30 विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुविधा शिविर के शिकायत निवारण अभियान में भाग लिया,

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) ने आज नई दिल्ली स्थित एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर, जय सिंह रोड में सुविधा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर के माध्यम से नागरिकों एवं सेवा उपभोक्ताओं को सूचना प्राप्त करने, आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं हासिल करने तथा अपनी शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु एक समर्पित सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया गया।

सुविधा शिविर को नागरिकों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। शिविर में कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। प्राप्त शिकायतें मुख्यतः कार्मिक, सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, वाणिज्यिक, कर तथा संपदा विभाग से संबंधित थीं। शिकायत दर्ज कराने के अतिरिक्त बड़ी संख्या में नागरिकों एवं सेवा उपभोक्ताओं ने शिविर में पहुँचकर एनडीएमसी द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न नागरिक सेवाओं, जनकल्याणकारी पहलों तथा नागरिक हितैषी सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

सुविधा शिविर की प्रमुख विशेषताओं में से एक यह रही कि नागरिकों को वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों से आमने-सामने संवाद करने का अवसर मिला, जिससे उनकी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान में सहायता मिली। नीति-स्तर के निर्णयों से जुड़े मामलों में नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया एवं उनके निस्तारण की संभावित समय-सीमा से भी अवगत कराया गया, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जनविश्वास को और मजबूती मिली।

इस सुविधा शिविर में एनडीएमसी के 30 विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया और एक ही छत के नीचे समन्वित एवं त्वरित शिकायत निवारण सुनिश्चित किया। सभी विभागीय सहायता काउंटरों की निगरानी संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा स्वयं की गई, जो जवाबदेही, कार्यकुशलता तथा नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी प्रशासन के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने तथा नागरिकों की सुविधा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एनडीएमसी ने जन सुविधा पोर्टल भी विकसित किया है, जो एक संपर्करहित एवं नागरिक-अनुकूल ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक एवं सेवा उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं, उनकी प्रगति की वास्तविक समय (रियल-टाइम) में निगरानी कर सकते हैं तथा शिकायत निवारण की गुणवत्ता के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकते हैं। एनडीएमसी की वेबसाइट पर उपलब्ध यह पोर्टल पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध शिकायत निवारण सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम है।

इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी शिकायतें प्राप्त कर रही है, जिससे नागरिकों को संवाद एवं शिकायत दर्ज कराने के अनेक सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं। इन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा निरंतर निगरानी की जाती है तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।

सुविधा शिविर की यह पहल नागरिक सहभागिता को सशक्त बनाने, जनसेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा एक सुलभ, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक-केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एनडीएमसी की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *